श्रीराम नवमी पर संतों का आगमन, गृह प्रवेश व सुंदरकांड पाठ का आयोजन
रिपोर्टर – मनोहर अडिचवाल
देशवाल / नागौर:श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर देशवाल क्षेत्र में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गृह प्रवेश एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ, जिसमें दूर-दराज से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में खेजड़ा धाम के संत श्री पांचाराम जी महाराज तथा नोखा चांदावता धाम के दाता गुलाब दास महाराज सहित अनेक संतों का आगमन हुआ। संतों के सान्निध्य में विधि-विधान से गृह प्रवेश कराया गया। राम नवमी के उपलक्ष्य में गांव के विभिन्न स्थानों पर धार्मिक आयोजन हुए तथा कई संतों द्वारा भवनों का उद्घाटन भी किया गया।
खेजड़ा धाम रेण के संत श्री पांचाराम महाराज ने सत्संग एवं प्रवचन देते हुए मानव जीवन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मनुष्य जन्म बड़े भाग्य से प्राप्त होता है, इसलिए इसका सदुपयोग करना चाहिए। माता-पिता, गौमाता, पशु-पक्षियों एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा करने से पुण्य की प्राप्ति होती है।
बीकानेर में 30 मार्च को औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर, उद्यमियों को योजनाओं की दी जाएगी जानकारी
संतों ने विशेष रूप से युवाओं को नशा मुक्ति का संदेश देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे परिवार को संकट में डाल देता है। उन्होंने युवाओं से अच्छे कर्म करने, माता-पिता की आज्ञा का पालन करने तथा सत्संग से जुड़ने का आह्वान किया। संतों ने कहा कि सत्संग से मन को शांति मिलती है और बुरी आदतों से दूर रहने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने संतों के प्रवचन का लाभ लिया और धर्म एवं संस्कारों के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
फोटो: श्रीराम नवमी के अवसर पर गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान प्रवचन देते संत श्री पांचाराम महाराज एवं उपस्थित श्रद्धालु।
श्रीराम नवमी पर संतों का आगमन, गृह प्रवेश व सुंदरकांड पाठ का आयोजन




