महिला विश्वकप का फाइनल आज, बादलों के पहरे के बीच क्या भारत रचेगा इतिहास?
बारिश फाइनल पर असर डाल सकती है, लेकिन यह मैच सिर्फ मौसम की बात नहीं, यह वर्षों की मेहनत, सपनों और संघर्ष की कहानी है। भारत चाहे रविवार को खेले या रिजर्व डे पर, एक बात तय है, यह टीम अब हारने नहीं आई है, इतिहास लिखने आई है।

महिला वनडे विश्वकप 2025 अपने अंजाम तक पहुंचने वाला है। भारत और दक्षिण अफ्रीका, दोनों टीमें अब तक इस टूर्नामेंट की ट्रॉफी कभी नहीं जीत सकी हैं। इस बार, चाहे जो भी टीम जीते, 25 साल बाद दुनिया को एक नया वर्ल्ड चैंपियन मिलने वाला है।
भारत ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को हराकर इतिहास रचा था। जेमिमा रॉड्रिग्स की नाबाद शतकीय पारी और कप्तान हरमनप्रीत कौर की सूझबूझ भरी कप्तानी ने भारत को फाइनल तक पहुंचाया। अब ‘वुमन इन ब्लू’ एक और कदम दूर हैं उस खिताब से जो बरसों से उनकी आंखों में सपना बनकर चमक रहा है।
बारिश बना सकती है खलनायक
हालांकि, इस मुकाबले में एक तीसरा खिलाड़ी भी है और वह है मौसम। मौसम विभाग के मुताबिक नवी मुंबई में रविवार को बारिश की पूरी संभावना है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के मुताबिक, दिन में 63 प्रतिशत और शाम को 40 प्रतिशत तक बारिश की आशंका है। इसके साथ 13 प्रतिशत और 8 प्रतिशत तक थंडर स्टोर्म की संभावना भी जताई गई है। दिन भर मौसम में उमस और बदलते बादल छाए रहेंगे। दोपहर के वक्त हल्की फुहारें या एक-दो तेज बौछारें देखने को मिल सकती हैं। तापमान अधिकतम 32° सेल्सियस और न्यूनतम 25° सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
अगर मैच में बारिश आई तो क्या होगा?
आईसीसी ने पहले ही यह स्पष्ट कर दिया है कि अगर बारिश की वजह से फाइनल अधूरा रह जाता है, तो टूर्नामेंट रेगुलेशन के सेक्शन 13.6 के तहत रिजर्व डे (Reserve Day) लागू होगा।
यानि अगर रविवार को खेल नहीं हो सका या पूरा ओवर कोटा नहीं फेंका जा सका, तो मुकाबला सोमवार, तीन नवंबर को वहीं से शुरू होगा जहां रुका था। हालांकि, सोमवार के लिए भी 55 प्रतिशत बारिश की संभावना बताई जा रही है।
ऐसे में आईसीसी की कोशिश यही रहेगी कि मैच रविवार को ही पूरा कराया जाए, भले ही ओवरों की संख्या घटानी पड़े। हालांकि, बांग्लादेश के खिलाफ मैच के विपरीत, इस बात की बहुत कम संभावना है कि महिला विश्व कप 2025 का फाइनल बारिश के कारण रद्द हो जाएगा। हालांकि, यदि बारिश जारी रहती है और रिजर्व डे भी प्रभावित होता है, तो भारत और दक्षिण अफ्रीका, दोनों टीमों को संयुक्त विश्व कप चैंपियन का ताज पहनाया जाएगा और वे ट्रॉफी साझा करेंगी।
भारत की तैयारी और आत्मविश्वास
भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा था, ‘सेमीफाइनल में हमने जो किया, वही दोहराना है। धैर्य और भरोसे के दम पर मैच जीतना है। यह सिर्फ एक मैच नहीं, यह पूरे देश का सपना है।’ टीम की बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, और जेमिमा रॉड्रिग्स फॉर्म में हैं, जबकि गेंदबाजी में रेणुका सिंह ठाकुर, दीप्ति शर्मा और क्रांति गौड़ ने लगातार प्रदर्शन किया है। भारत की टीम को अब न सिर्फ विरोधी बल्कि मौसम से भी मुकाबला करना है।
दक्षिण अफ्रीका की चुनौती
दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ट और ऑलराउंडर मारीजाने कैप शानदार लय में हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर पहली बार फाइनल में जगह बनाई थी।
टीम संतुलित है और बल्लेबाजी में ताजमिन ब्रिट्स और क्लोए ट्रायॉन, जबकि गेंदबाजी में आयाबोंगा खाका और नादिन डी क्लार्क टीम की ताकत हैं।
डी.वाई. पाटिल में इतिहास दोहराने को तैयार भारत
यह वही मैदान है जहां कुछ दिन पहले भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 338 रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक चेज किया था, जो कि महिला वनडे इतिहास का सबसे बड़ा रनचेज था। फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि जेमिमा रॉड्रिग्स और हरमनप्रीत कौर फिर वही जादू दोहराएंगी और भारत को पहली बार विश्व विजेता बनाएंगी।
बारिश थमे या बरसे, उम्मीदें नहीं थमेंगी
बारिश फाइनल पर असर डाल सकती है, लेकिन यह मैच सिर्फ मौसम की बात नहीं, यह वर्षों की मेहनत, सपनों और संघर्ष की कहानी है। भारत चाहे रविवार को खेले या रिजर्व डे पर, एक बात तय है, यह टीम अब हारने नहीं आई है, इतिहास लिखने आई है।
दोनों स्क्वॉड
भारतीय महिला टीम: शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रॉड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, राधा यादव, क्रांति गौड़, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर, स्नेह राणा, हरलीन देयोल, अरुंधति रेड्डी, उमा छेत्री।
बीकानेर क्षेत्र में ATM तोड़कर कैश बॉक्स ले उड़े चोर
दक्षिण अफ्रीका महिला टीम: लौरा वोल्वार्ट (कप्तान), ताजमिन ब्रिट्स, एनेके बॉश, सुने लूस, मारिजाने कैप, सिनालो जाफ्ता (विकेटकीपर), एनेरी डर्कसन, क्लो ट्रायॉन, नादिन डी क्लार्क, अयाबोंगा खाका, नॉनकुलुलेको म्लाबा, मसाबाता क्लास, तुमी सेखुखुने, नोंदुमिसो शंगासे, काराबो मेसो।


