बीकानेर में दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में अज्ञात व्यक्ति की मौत, खोपड़ी गायब होने से रहस्य गहराया
बीकानेर: बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में बुधवार अल-सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। घड़सीसर अंडरपास के ऊपर ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीकानेर की ओर आ रही ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। सुबह करीब 7 बजे पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने हालात का जायजा लिया।

घटनास्थल पर मृतक का केवल धड़ मिला, जबकि गर्दन से ऊपर का हिस्सा, खोपड़ी सहित, गायब था। इसके अलावा पैरों के पंजे भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिले।
पुलिस ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन खोपड़ी बरामद नहीं हो सकी। इससे मामले को लेकर रहस्य और गहरा गया है। हालांकि प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि गर्दन से ऊपर का हिस्सा ट्रेन के नीचे आ जाने से दूर जा गिरा हो या बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया हो।
मिडिल ईस्ट देशों के लिए भारत सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर, विदेश मंत्रालय ने शुरू की सहायता सेवा
मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना आत्महत्या है या हादसा।
गंगाशहर थाना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के लापता होने की सूचना हो तो तत्काल थाने से संपर्क करें।

बीकानेर में दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में अज्ञात व्यक्ति की मौत, खोपड़ी गायब होने से रहस्य गहराया


