ग्राइंडर मशीन से गला काट उतारा मौत के घाट, बिहार की मशहूर डॉक्टर के नाती का खौफनाक मर्डर
बिहार की एक मशहूर डॉक्टर के नाती की बड़ी ही खौफनाक तरीके से हत्या कर दी गई। उसकी हत्या नवादा के इंडस्ट्रियल एरिया में की गई। मर्डर के लिए ग्राइंडर मशीन का इस्तेमाल किया गया।

नवादा: जिले की प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुंधति राय के नाती की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। इस वारदात को नगर थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार देर शाम अंजाम दिया गया। खौफनाक वारदात की खबर मिलते ही पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान कुमार रवि शंकर के लगभग 21 वर्षीय पुत्र पुष्पांशु शंकर उर्फ अंकुश के रूप में हुई है।
फैक्ट्री देखने आया और हो गया मर्डर
मृतक पुष्पांशु शंकर अंकुश अपनी नानी डॉ. अरुंधति राय के प्रसाद बीघा स्थित घर पर रहता था। वह प्रतिदिन लगभग 3 किलोमीटर दूर इंडस्ट्रियल एरिया में अपनी फर्नीचर फैक्ट्री देखने आता था। परिवार के सदस्यों को जब घटना की जानकारी मिली तो वे घटनास्थल पर पहुंचे।
BSNL 4G अपने फोन में ऐसे करें एक्टिवेट, सेटिंग्स में जाकर फॉलो करने होंगे ये स्टेप्स
बेंगलुरु से पढ़ाई पूरी कर लौटा था अंकुश
पुष्पांशु लगभग डेढ़ साल पहले बेंगलुरु से पढ़ाई पूरी कर गांव लौटा था। वह बेंगलुरु में चार्टर्ड अकाउंटेंट की पढ़ाई कर रहा था। गांव लौटने के बाद उसने अपने पिता का बोझ कम करने के लिए फैक्ट्री की जिम्मेदारी संभाल ली थी। लगभग एक महीने पहले ही उसने नवादा में एलएलबी कोर्स में दाखिला लिया था।
ग्राइंडर मशीन से काटा गया गला
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, पुष्पांशु की हत्या ग्राइंडर मशीन से गला काटकर की गई है। ग्राइंडर मशीन वो मशीन होती है, जिसका इस्तेमाल रॉड काटने या दीवार में कटिंग करने के लिए होता है। घटनास्थल पर उसका मोबाइल भी टूटा-फूटा पाया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। इस घटना के बाद नवादा एसपी अभिनव धीमान के द्वारा बताया गया कि अभी तक इस हत्याकांड में पुलिस ने एक क्षतिग्रस्त मोबाइल को बरामद किया है. एक SIT टीम का गठन किया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।


