श्रीडूंगरगढ़ में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, अतिक्रमण हटाने और यातायात सुधार के निर्देश
श्रीडूंगरगढ़ : देश में बढ़ते आर्थिक विकास और तकनीकी प्रगति के साथ सड़कों पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सड़क सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए श्रीडूंगरगढ़ उपखंड कार्यालय में उपखंड सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।


बैठक की अध्यक्षता उपखंड अधिकारी श्री शुभम शर्मा ने की। बैठक में तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी, थाना अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग, नगर पालिका तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
“जागरूकता से ही संभव है कैंसर मुक्त समाज” : जयपुर पब्लिक स्कूल में विश्व कैंसर दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम
बैठक में श्रीडूंगरगढ़ से गुजरने वाले कानू–बीदासर एवं श्रीडूंगरगढ़–सरदारशहर राजमार्ग पर क्षतिग्रस्त सड़कों, गड्ढों और यातायात अव्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गड्ढों को शीघ्र समतल किया जाए, सड़कों के दोनों ओर की कटिंग हटाई जाए तथा आवश्यक स्थानों पर चेतावनी संकेत लगाए जाएं।
शहर के मुख्य बाजार, रेलवे स्टेशन रोड, बस स्टैंड क्षेत्र, घुमचक्कर, एवं अन्य प्रमुख मार्गों पर अवैध अतिक्रमण को सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया गया। प्रशासन ने सड़क किनारे लगे ठेले, दुकानों के बाहर रखा सामान, निर्माण सामग्री, ईंटें, बजरी एवं अन्य अवरोध तुरंत हटाने के निर्देश दिए।
भारी ओवरलोड वाहनों, बिना नंबर प्लेट के वाहनों, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों, बिना सीट बेल्ट कार चालकों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश परिवहन विभाग को दिए गए।

उपखंड अधिकारी ने स्थानीय व्यापारियों, होटल संचालकों और दुकानदारों से अपील की कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन और पुलिस का सहयोग करें, ताकि सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
श्रीडूंगरगढ़ में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, अतिक्रमण हटाने और यातायात सुधार के निर्देश


