Shridungargarh में ‘अभिनव सामायिक फेस्टिवल’ का भव्य आयोजन, 200 से अधिक श्रद्धालु हुए सहभागी
श्री डूंगरगढ़ :अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन में तेरापंथ युवक परिषद, श्री डूंगरगढ़ द्वारा आज “अभिनव सामायिक फेस्टिवल” (उत्सव विश्व मैत्री) का भव्य एवं गरिमामय आयोजन मालू भवन, श्री डूंगरगढ़ में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह आयोजन रविवार, 4 जनवरी 2026 को प्रातः 9:00 बजे से 10:00 बजे तक सेवा केंद्र व्यवस्थापिका साध्वी श्री संगीत श्री जी व साध्वी डा. परम प्रभा जी के सान्निध्य में संपन्न हुआ।
इस सामायिक फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य युवाओं सहित समाज के प्रत्येक वर्ग में सामायिक के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना, आत्मसंयम की भावना को सुदृढ़ करना तथा आध्यात्मिक चेतना का संवर्धन करना रहा।


देश-विदेश में एक साथ आयोजित इस सामूहिक सामायिक के माध्यम से यह सशक्त संदेश दिया गया कि अध्यात्म ही समाज को सकारात्मक, संतुलित एवं शांति की दिशा प्रदान कर सकता है।
अभिनव सामयिक का प्रयोग सेवा केंद्र व्यवस्थापिका साध्वी श्री संगीत श्री जी द्वारा करवाया गया, जिसमें ध्यान व जप का भी प्रयोग करवाया गया। उनके मार्गदर्शन में आयोजन अनुशासित, भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।

सामायिक फेस्टिवल में समाज के पुरुषों, महिलाओं, युवकों एवं बच्चों की विशेष एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। विशेष रूप से किशोर मंडल के किशोरों द्वारा समाज मैं जागरूकता के लिए घर घर जाकर व मैसेज के माध्यम से लोगों को इस फेस्टिवल मै आने का कहा गया।
पीबीएम Super speciality block में एक माह में दिखेगा बड़ा सुधार: मंत्री सुमित गोदारा
इस अवसर पर श्रावक समाज से लगभग 200 से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिन्होंने सामूहिक सामायिक में भाग लेकर आध्यात्मिक ऊर्जा और शांति का अनुभव किया।

कार्यक्रम के बाद में तेरापंथ युवक परिषद, श्री डूंगरगढ़ के अध्यक्ष श्री विक्रम मालू ने उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं, युवाओं एवं बच्चों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सामायिक केवल एक धार्मिक क्रिया नहीं, बल्कि जीवन को संयम, विवेक और आत्मानुशासन से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है, जिसे युवाओं तक पहुंचाना आज की आवश्यकता है।
समग्र रूप से यह आयोजन तेरापंथ युवक परिषद, श्री डूंगरगढ़ के लिए एक प्रेरणास्पद उपलब्धि रहा, जिसने समाज में आध्यात्मिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार को नई दिशा प्रदान की।
Shridungargarh में ‘अभिनव सामायिक फेस्टिवल’ का भव्य आयोजन, 200 से अधिक श्रद्धालु हुए सहभागी


