Bikaner : 9 से 11 जनवरी तक अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव, प्रचार में सोशल मीडिया Influencers करेंगे सहयोग
जिला कलेक्टर ने जिले के Influencers के साथ की बैठक
पर्यटन मानचित्र पर जिले की सशक्त पहचान दिलाने में इन्फ्लुएंसर्स करें सहयोग- श्रीमती नम्रता वृष्णि, जिला कलेक्टर

2 जनवरी को पीले चावल बांट कर की जाएगी ”आवण री मनुहार”
बीकानेर,(श्रेयांस बैद) :आगामी 9 से 11 जनवरी तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने गुरुवार को जिले के सोशल मीडिया Influencers के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की।
बैठक में ऊँट उत्सव को राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग पर चर्चा की गई। साथ ही जिला कलेक्टर ने जिले के Influencers के साथ पोस्टर विमोचन भी किया।

जिला कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया पर्यटन को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम है। जिले के Influencers अपनी रचनात्मकता, वीडियो, रील्स, ब्लॉग एवं पोस्ट्स के माध्यम से ऊँट उत्सव की विशिष्टताओं, लोक संस्कृति, परंपराओं और बीकानेर की पर्यटन संभावनाओं को व्यापक जनमानस तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने Influencers से आह्वान किया कि वे ऊँट उत्सव के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पारंपरिक खान-पान, हस्तशिल्प एवं ऐतिहासिक स्थलों को प्रमुखता से प्रचारित करें, जिससे बीकानेर को पर्यटन मानचित्र पर और सशक्त पहचान मिल सके।

बैठक में Influencers ने उत्सव के प्रचार में सक्रिय सहयोग का आश्वासन देते हुए अपने सुझाव भी साझा किए। जिला प्रशासन द्वारा ऊँट उत्सव के सफल आयोजन एवं प्रचार-प्रसार के लिए सभी से सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया गया। बैठक में पर्यटन विभाग के अधिकारियों द्वारा ऊँट उत्सव के प्रमुख कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई।
Bikaner में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 की शुरुआत, महिला पुलिस की बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी
पीले चावल बांट कर होगी तीन दिवसीय ऊंट उत्सव की शुरुआत
पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़ ने बताया कि ऊंट उत्सव 9 जनवरी से शुरू होगा। लेकिन उससे पहले 2 जनवरी को जिला मुख्यालय के लोगों को उत्सव में आमंत्रित करने के लिए पीले चावल बांटने का कार्य ”आवण री मनुहार” सुबह 8 बजे लक्ष्मीनाथ जी मंदिर से शुरू होकर शहर के विभिन्न भागों में किया जाएगा। इस दौरान ऊंटों के साथ रोबिले चलते नजर आएंगे। विदित है कि जिले के सोशल मीडिया Influencers इस कार्यक्रम को कवर करेंगे।

इस अवसर पर पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़, सहायक निदेशक महेश व्यास, जिले के विभिन्न सोशल मीडिया इन्फ़्लुएंसर्स डॉ शैफाली दाधीच, चारू आसोपा,दिनेश गुप्ता, भंवर सिंह भाटी, अशोक पिलानिया,कुलदीप वैष्णव अमित सोनी, आर्यन सोनी, पवन स्वामी समेत पर्यटन विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे।
Bikaner : 9 से 11 जनवरी तक अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव, प्रचार में सोशल मीडिया Influencers करेंगे सहयोग


