चूरू में पार्क के पास युवक का शव मिला, वेल्डिंग कारखाने में करता था काम
चूरू जिले के रतनगढ़ कस्बे में बुधवार सुबह रामचंद्र पार्क के पास एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। सूचना मिलने पर रतनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को राजकीय जालान अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।
पुलिस ने मृतक की पहचान चूरू जिले के गांव पीथीसर निवासी लालचंद सुथार के रूप में की है। मृतक की शिनाख्त उसके पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर की गई। लालचंद रतनगढ़ में हुडेरा फांटा के पास स्थित एक वेल्डिंग कारखाने में काम करता था।

12वीं की छात्रा से गैंगरेप, Gujarat भागा आरोपी गिरफ्तार
मौत के कारणों का नहीं हुआ खुलासा
लालचंद की मौत किन कारणों से हुई, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। वह रामचंद्र पार्क के पास कैसे और कब पहुंचा, इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
परिजनों के आने के बाद होगा पोस्टमॉर्टम
पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के रतनगढ़ पहुंचने और रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

फिलहाल मृतक का शव राजकीय जालान अस्पताल की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
चूरू में पार्क के पास युवक का शव मिला, वेल्डिंग कारखाने में करता था काम


