सभी सरकारी कार्यालय संख्या आधार नंबर रजिस्ट्रेशन करवाएं: एडीएम सिटी रमेश देव
विभिन्न विभागों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में एडीएम सिटी ने दिए निर्देश
बीकानेर (श्रेयांस बैद):विभिन्न विभागों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार को एडीएम सिटी रमेश देव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में सांख्यिकी विभाग की समीक्षा करते हुए देव ने कहा कि जिन सरकारी कार्यालयों ने अभी तक संख्या आधार नंबर रजिस्टर नहीं करवाया है।

वे सभी सरकारी कार्यालय संख्या आधार नंबर रजिस्टर करवाना सुनिश्चित करें। सांख्यिकी विभाग के संयुक्त निदेशक धर्मपाल खीचड ने बताया कि संख्या आधार नंबर किसी भी संस्था या सरकारी कार्यालय का यूनिक आईडी नंबर है। पहले यही नंबर बिजनेस रजिस्ट्रेशन नंबर ( बीआरएन) के रूप में जाना जाता था।
जिसे अब संख्या आधार नंबर के रूप में परिवर्तित कर दिया गया है। सभी सरकारी कार्यालयों के यूनिक आईडी नंबर होने से इनकी पहचान आईडी नंबर से होना सुनिश्चित होगी।
देशनोक में 24 से 26 फरवरी तक दिव्यांगजनों को निःशुल्क उपकरण वितरण शिविर आयोजित
लूणकरणसर के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में लगाएं योग शिक्षक
बैठक में एडीएम सिटी ने आयुर्वेद विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि लूणकरणसर के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में योग शिक्षक के खाली पड़े पदों पर संविदा पर योग शिक्षक लगाना सुनिश्चित करें।
आयुर्वेद विभाग के सहायक निदेशक डॉ रिडमल सिंह ने बताया कि एसडीएम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित करवाकर जल्द ही योग शिक्षक लगा दिए जाएंगे। विदित है कि जिले के ग्रामीण क्षेत्र में कुल 57 आयुष्मान आरोग्य मंदिर हैं। जिनमें एक मेल और एक फिमेल योग शिक्षक को संविदा पर लगाया गया है।
लूणकरणसर तहसील के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में योग शिक्षकों के कुछ पद खाली हैं जिन्हें जल्द ही भर दिया जाएगा।
बैठक में एडीएम सिटी ने कृषि विभाग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए उनमें प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही लाडो योजना की पेंडेंसी का जल्द निस्तारण के निर्देश महिला अधिकारिता विभाग के अधिकारियों को दिए।
बैठक में सहकारिता, रसद, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, महिला अधिकारिता, जिला अग्रणी बैंक, पुलिस, अल्पसंख्यक, खेल विभाग समेत विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देशित किया गया। बैठक में संंबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

सभी सरकारी कार्यालय संख्या आधार नंबर रजिस्ट्रेशन करवाएं: एडीएम सिटी रमेश देव


