2 भर्ती परीक्षाओं में ब्लूटूथ से नकल करने वाला 25 हजार का इनामी अभ्यर्थी गिरफ्तार, SOG की बड़ी कार्रवाई
जयपुर/चूरू:स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने भर्ती परीक्षाओं में नकल के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो अलग-अलग परीक्षाओं में ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल करने वाले 25 हजार रुपए के इनामी अभ्यर्थी जितेन्द्र कुमार बिजारणियां को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से फरार चल रहा था।
एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर की ओर से लिपिक ग्रेड द्वितीय पदों पर सीधी भर्ती के लिए संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2022 का आयोजन 12 मार्च 2023 एवं 19 मार्च 2023 को किया गया था। इस परीक्षा में रतनगढ़, चूरू निवासी जितेन्द्र कुमार बिजारणियां (29) का परीक्षा केंद्र राजकीय सर्वहित करणी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, चूरू निर्धारित था।

जांच में सामने आया कि संगठित नकल गिरोह के मुख्य आरोपी पौरव कालेर ने सालासर क्षेत्र से मोबाइल फोन के माध्यम से ब्लूटूथ डिवाइस का इस्तेमाल कर जितेन्द्र को प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराए। नकल को अंजाम देने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का प्रयोग किया गया था।
महर्षि दयानन्द सरस्वती छात्रावास विकास समिति की बैठक संपन्न, शिक्षा व समाजहितकारी मुद्दों पर हुआ मंथन
एसओजी की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि पौरव कालेर ने सार्वजनिक भर्ती परीक्षाओं में नकल कराने के उद्देश्य से करीब 90 हजार रुपए की लागत से स्पेन से अत्याधुनिक इनोवा कैम ड्रॉप बॉक्स स्पाई कैमरा ऑनलाइन मंगवाया था। परीक्षा तिथि 12 मार्च 2023 को अभ्यर्थी जितेन्द्र उर्फ अक्षय जाट तथा 19 मार्च 2023 को अभ्यर्थी राजेश कुमार बिजारणियां को यह स्पाई कैमरा देकर परीक्षा केंद्र में भेजा गया।

प्रश्न पत्र मिलने के बाद दोनों अभ्यर्थियों ने स्पाई कैमरे की मदद से प्रश्नों के स्क्रीनशॉट पौरव कालेर को भेजे। इसके बाद उसके सहयोगियों ने प्रश्नों को हल कर ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से उत्तर अभ्यर्थियों तक पहुंचाए।
एसओजी के अनुसार अभियुक्त जितेन्द्र कुमार बिजारणियां राजस्व अधिकारी ग्रेड द्वितीय एवं अधिशासी अधिकारी (ईओ/आरओ) तथा कनिष्ठ लिपिक ग्रेड द्वितीय भर्ती परीक्षा-2022 में भी ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल करता पाया गया था। इन मामलों के सामने आने के बाद राज्य सरकार द्वारा पूरी परीक्षा को रद्द कर दिया गया था।
वर्ष 2026 के लिए दो स्थानीय अवकाश घोषित, जिला कलेक्टर ने जारी किए आदेश
एसओजी की इस कार्रवाई को भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। आरोपी से पूछताछ जारी है और नकल गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
2 भर्ती परीक्षाओं में ब्लूटूथ से नकल करने वाला 25 हजार का इनामी अभ्यर्थी गिरफ्तार, SOG की बड़ी कार्रवाई


