पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ, जनता और सरकार के बीच संवाद का मजबूत सेतु—मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
बीकानेर के पत्रकार छाए, जताया मुख्यमंत्री का आभार
बीकानेर (श्रेयांस बैद):मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रदेश के पत्रकारों से संवाद कार्यक्रम में रुबरु हुए। पत्रकारों ने इस वर्ष के बजट में राजस्थान वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना के अंतर्गत दी जाने वाली सम्मान राशि को 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह करने के साथ ही राजस्थान आवासन मंडल के माध्यम से जयपुर में आवासीय योजना लाये जाने की घोषणा सहित अन्य पत्रकार कल्याण के कार्यों के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।

संवाद कार्यक्रम में बीकानेर जिले के पत्रकार छाए रहे। वरिष्ठ पत्रकार श्याम मारू ने मुख्यमंत्री के समक्ष दावा किया कि आज यहां जयपुर के बाद सबसे ज्यादा बीकानेर से पत्रकार आए हैं।
इस पर मुख्यमंत्री ने आश्चर्य जताते हुए सबसे पहले बीकानेर के पत्रकारों से परिचय प्राप्त किया। श्याम मारू ने यह भी कहा कि बीकानेर में पहले से ही कार्यक्रम आयोजित कर आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। वे जनता और सरकार के बीच संवाद का एक मजबूत सेतु है। पत्रकारों पर समाज को विश्वास होता है तथा पत्रकार सदैव जनहित के मुद्दे सामने लाकर समाज को जागरूक करते हैं। जब मीडिया निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ काम करता है तो लोकतंत्र और मजबूत होता है।
विदुषी पूजा जोशी श्रीधाम वृन्दावन द्वारा श्रीमद् भागवत कथा आयोजन दिनांक 20 मार्च से 26 मार्च
उन्होंने कहा कि इस वर्ष के बजट में पत्रकारों के कल्याण के लिए अनेक निर्णय लिए गए हैं। हमारी सरकार पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा एवं उनके हितों के लिए प्रतिबद्ध है। शर्मा मुख्यमंत्री निवास पर प्रदेशभर के पत्रकारों से संवाद कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी मेहनत और समर्पण के साथ निरंतर कार्य करते हैं। वे जनहित की खबरों को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। आज के दौर में पत्रकारों का योगदान और भी बढ़ गया है। सूचना के इस युग में पत्रकार सही एवं विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे हैं।
बिजली-पानी-रोजगार के क्षेत्र में किए गए अभूतपूर्व निर्णय
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए प्रदेश में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। विकसित राजस्थान 2047 के लक्ष्य को आधार मानकर ग्राम पंचायतों से लेकर नगर निकायों तक के समग्र विकास का रोडमैप तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा पानी जैसी बुनियादी सुविधा को प्राथमिकता देते हुए रामजल सेतु लिंक परियोजना, देवास परियोजना, यमुना जल समझौता, आईजीएनपी, गंगनहर, माही सहित परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
साथ ही, प्रदेश में बिजलीतंत्र को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। राजस्थान में आज 22 जिलों में दिन में बिजली दी जा रही है, 2027 तक सभी जिलों में दिन में बिजली देने के लिए हम संकल्पित हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर दिए जा रहे हैं। हमारी सरकार युवाओं को 4 लाख सरकारी क्षेत्र में एवं 6 लाख निजी क्षेत्र में रोजगार देने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है। अब तक 1 लाख 25 हजार नियुक्तियां दी जा चुकी है। 1 लाख 33 हजार भर्ती प्रक्रियाधीन हैं तथा 1 लाख से ज्यादा पदों का भर्ती कैलेण्डर जारी किया जा चुका है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पत्रकारों से व्यक्तिशः संवाद किया और उनके सुझावों को भी सुना तथा उनकी सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
जार ने विभिन्न मांगों का सौंपा ज्ञापन
जार के प्रदेशाध्यक्ष श्याम मारू ने एक ज्ञापन देकर वरिष्ठ पत्रकारों की सम्मान निधि 25000 रुपए प्रतिमाह करने और इसके लिए आयु सीमा 60 से घटाकर कर 58 वर्ष करने का आग्रह किया क्योंकि पत्रकारों के लिए गठित सभी वेतन आयोग में सेवानिवृत्त की आयु सीमा 58 वर्ष ही है।
साथ ही पत्रकारों को रियायती दर पर भूखंड आवंटन के लिए जो नियमावली बनाई गई थी, उस नियमावली के तहत ही वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मान निधि (पेंशन) दी जाए।
पेंशन के लिए दस साल पुराना अधिस्वीकरण की शर्त को हटाने,डिजिटल मीडिया को लेकर सरकार को स्पष्ट नीति बनाने,अधिस्वीकृत पत्रकारों के जीवनसाथी को रोडवेज में निशुल्क यात्रा की सुविधा देने, छोटे और मझौले साप्ताहिक / पाक्षिक समाचार पत्रों को ज्यादा से ज्यादा विज्ञापन उपलब्ध करवाने, पत्रकारों के अधिस्वीकरण प्रक्रिया को सरल बनाने,फोटो जर्नलिस्ट के लिए शैक्षणिक योग्यता में शिथिलता प्रदान करते हुए मैट्रिक पास को भी अधिस्वीकृत करने,साथ ही स्वतन्त्र पत्रकार के अधिस्वीकरण के लिये अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष करने,पत्रकारों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए कल्याणकारी योजनाएं बनाने की मांग की गई है।
कार्यक्रम में बीकानेर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष भवानी जोशी ने भी पत्रकारों की विभिन्न मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा।

बीकानेर से ये रहे शामिल
इस अवसर पर जार के प्रदेशाध्यक्ष श्याम मारू, महासचिव श्रीलाल जोशी,एनयूजेआई के राष्ट्रीय सचिव भवानी जोशी, बीकानेर प्रेस क्लब के अध्यक्ष कुशाल सिंह मेड़तिया,पूर्व अध्यक्ष जयनारायण बिस्सा, कोषाध्यक्ष विशाल स्वामी, पीयूष पुरोहित,राजेंद्र सेन, मुकेश पूनिया, सुमित व्यास, राजेश ओझा, राजा जोशी,गिरीश श्रीमाली, बलदेव रंगा, गिरीराज हर्ष, निर्दोष व्यास, बृजमोहन रामावत, अशोक प्रेमी, आनंद व्यास, गिरीराज भादाणी , विभिन्न पत्रकार संगठन, प्रेस क्लब के पदाधिकारी सहित वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे।
पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ, जनता और सरकार के बीच संवाद का मजबूत सेतु—मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा




